लखीमपुर-खीरी, 08 मार्च 2017। महिला दिवस के मौके पर एनपीसीडीएस कार्यक्रम के अंतर्गत सम्पूर्णा क्लीनिक कैम्प जिला महिला अस्पताल में लगाया गया। इस कैम्प में आने वाली सभी महिलाओं की गर्भाशय व ब्रस्ट कैंसर की सम्भावनाओं की जांच की गई। एक साल पहले इसी दिन से संचालित किए गए सम्पूर्णा क्लीनिक द्वारा महिलाओं को इन दोनों ही प्रकार के कैंसर से बचाव व उनका उपचार किया जा रहा है। क्लीनिक में सैकड़ों महिलाओं ने अपनी जांच कराई। क्लीनिक के बारे में जानकारी देते हुए एसीएमओ रवींद्र शर्मा ने बताया कि सम्पूर्णा क्लीनिक का यह विशेष कैम्प महिलाओं को जागरुक करने के उद्देश्य से लगाया गया है। उन्होंने महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर यानी गर्भाशय कैंसर, ब्रस्ट कैंसर पर जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं में होने वाले यह दोनों कैंसर ऐसे हैं जिनके बारे में अगर शुरुआती दौर में पता चल जाए तो इनका पूरी तरह से इलाज संभव है। यही कारण है कि सम्पूर्णा क्लीनिक में आने वाली हर महिला जिसकी आयु 30 वर्ष से अधिक हो, अपनी जांच करा सकती है। उन्होंने इन दोनों कैंसर के इलाज के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यूआईए मैथेड से प्रारंभिक अवस्था में इन दोनों कैंसर को जलाकर खत्म किया जा सकता है। क्रायो विधि (ठंडी सिंकाई) से महिलाएं पूर्णतया स्वस्थ महसूस करती हैं। उन्होंने बताया कि 8 मार्च 2016 से संचालित यह कार्यक्रम जिसमें साल भर से लगातार महिलाआें की जांच की जा रही है और कैंसर की पुष्टि होने पर उनका इलाज भी किया जाता है। जागरुकता कैम्प का भी यही उद्देश्य है कि कैंसर की जानकारी महिलाओं को सही समय पर हो और इसकी रोकथाम की जाए। उन्होंने 30 वर्ष की ऊपर की महिलाओं से अपील की कि वह अपनी जांच महिला अस्पताल में आकर करायें। यह जांच पूरी तरह निःशुल्क है। कैम्प में रेडक्रास सोसाइटी की ओर से आई आरती श्रीवास्तव ने महिलाओं को जागरुक करने के लिए अपील की कि महिलाओं का अच्छा स्वास्थ्य उनके परिवार के स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा होता है। इसीलिए महिलाएं कैम्प में आकर अपनी जांच अवश्य करायें। महिला चिकित्सालय की सीएमएस मीरा वर्मा ने कहा कि जिला महिला अस्पताल में सम्पूर्णा क्लीनिक द्वारा एक वर्ष पूर्व से ही डाक्टरों द्वारा गर्भाशय व ब्रस्ट कैंसर की जांच की जा रही है। जिन महिलाओं में इसकी पुष्टि हुई उनको तत्काल इलाज दिया गया। सीएमओ खीरी डा. जावेद अहमद ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सम्पूर्णा क्लीनिक के लिए सरकार द्वारा सभी तरह की मशीनरी उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसकी जांच व इलाज पूरी तरह से निःशुल्क है। महिला मरीजों के साथ आने वाली प्रत्येक महिला सम्पूर्णा क्लीनिक में अपनी जांच करा सकती है। जिससे सही समय पर रोग का इलाज हो सके। क्लीनिक में डा. पुष्पलता ने मरीजों का परीक्षण किया। साथ ही स्टाफ नर्स नेहा रावत, एएनएम मधू, एनसीडी सेल के विजय वर्मा, अनुज श्रीवास्तव व देव नंदन श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।